छत्तीसगढ़ के हॉटस्पॉट कटघोरा से गुरुवार की रात कोरोना के तीन पॉजिटिव मरीज मिले हैं। एम्स की लैब में जांच के बाद तीन नए पीड़ितों का पता चलने के बाद प्रदेश में मरीजों की संख्या 36 हो गई है। इसमें सबसे ज्यादा 27 अकेले कटघोरा के हैं। रायपुर के 5, बिलासपुर, राजनांदगांव, दुर्ग और काेरबा में एक-एक मरीज मिले हैं।
महत्वपूर्ण बात यह है कि गुरुवार दोपहर ही 6 लोगों को स्वस्थ होने के बाद एम्स से छुट्टी दे दी गई। डिस्चार्ज होने वालों में चार पुरुष व दो महिलाएं हैं। सभी को 14 दिनों के लिए क्वारेंटाइन पर भेज दिया गया है। पिछले 24 घंटे में 10 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। अब एम्स में कुल 13 मरीजों का इलाज चलेगा। गुरुवार की रात पॉजिटिव मिले तीनों मरीजों को शुक्रवार की सुबह एम्स लाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों के अनुसार तीनों मरीज होम क्वारेंटाइन में रखे गए थे। चार दिन पहले उनके स्वाब का सैंपल जांच के लिए एम्स लाया गया था। पीड़ितों में दो महिलाएं और एक पुरुष हैं। सीएम भूपेश बघेल ने ट्वीट कर उम्मीद जताई है कि बाकी बचे हुए मरीज भी स्वस्थ होकर जल्द घर लौटेंगे।
छह मरीजों के सैंपल लगातार दो बार निगेटिव आए
एम्स के डायरेक्टर डॉ. नितिन एम नागरकर ने बताया कि छह मरीजों के सैंपल लगातार दो बार निगेटिव आए हैं, इसलिए उन्हें छुट्टी दे दी गई है। दूसरी ओर प्रदेश में अब तक 5519 सैंपलों की जांच में 5168 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 318 सैंपल की जांच चल रही है। 26 हजार 411 लोगों का क्वारेंटाइन पूरा हो चुका है। इसलिए अब वे सामान्य लोगों की तरह रह सकते हैं।
कोरोना जांच कटघोरा तक, अन्य जिलों से कोई मरीज नहीं
प्रदेश में पिछले 16 दिनों से कोरोना की जांच केवल कोरबा जिले में ही सिमटकर रह गई है, वह भी केवल कटघोरा में। रायपुर जिले में ट्रैवल हिस्ट्री के कारण अब भी लोग क्वारेंटाइन हो रहे हैं और सैंपल जांचे जा रहे हैं। इसके बावजूद, रायपुर को मिलाकर पिछले 16 दिन में प्रदेश के अन्य किसी भी जिले में कोरोना के मरीज नहीं मिले हैं। जहां तक कटघोरा का सवाल है, वहां के मरीज भी स्वस्थ हो रहे हैं। गुरुवार को एम्स में भर्ती कटघोरा के 6 लोगों को ठीक होने के बाद छुट्टी दे दी गई।